समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से किया जाए निपटारा
फ़तेहाबाद, 13, मार्च 2026 (संजीव शर्मा): सीटीएम गौरव गुप्ता ने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों को अधिकारी गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर सरकार की जनसेवा और सुशासन की प्रतिबद्धता को धरातल पर लागू करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
सीटीएम शुक्रवार को अपने कार्यालय में समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को तय प्रक्रिया के अनुसार पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा उसके समाधान की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीटीएम गौरव गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में जिन विभागों से संबंधित शिकायतें लंबित पड़ी हुई हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिकायत का निपटारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए और उसका गुणवत्तापूर्ण एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि संबंधित शिकायत दोबारा से लंबित या पुन: खुलने की स्थिति न बने।
उन्होंने कहा कि समाधान प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना बेहद आवश्यक है। यदि किसी शिकायत का समाधान किसी कारणवश संभव नहीं है, तो उसे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रिजेक्ट श्रेणी में डालते हुए उसका स्पष्ट कारण भी दर्ज किया जाए। इससे शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बन सकेगी।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे शिकायतों के निपटारे में तेजी लाते हुए आमजन को शीघ्र राहत प्रदान करें। नगराधीश ने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच संवाद मजबूत होता है तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है। इसलिए सभी अधिकारी इस व्यवस्था को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ लागू करें।
इस अवसर पर डीडीपीओ अनूप सिंह, कार्यकारी अभियंता देवेन्द्र सिंह, राहुल चहल, एनके भोला, डीडीए डॉ. राजेश सिहाग, एसडीओ सतपाल रोज, डीएफएसओ अनुराधा जांगड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।






