कोलकाता, 13 मार्च 2026: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के पांच समुदायों के लिए सांस्कृतिक और विकास बोर्ड बनाने की घोषणा की है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए उन्होंने बताया कि मुंडा, कोरा, डोम, कुम्भकार और सदगोप समुदायों के लिए जल्द ही अलग-अलग बोर्ड गठित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये बोर्ड इन समुदायों की भाषा और सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य की सरकार 2013 से ही सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के समग्र विकास के लिए विभिन्न बोर्डों का गठन करती रही है।
जिन पांच समुदायों के लिए नए बोर्ड बनाए जाने हैं, उनमें मुंडा और कोरा समुदाय अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग में आते हैं। वहीं कुम्भकार और सदगोप अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में शामिल हैं, जबकि डोम समुदाय अनुसूचित जाति (एससी) श्रेणी में आता है।






