पटियाला निवासियों के लिए 24 घंटे हाजिर हूं: मेयर कुंदन गोगिया
पटियाला, 13 मार्च, 2026: शाही शहर पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने शहर की एक गंभीर समस्या का निपटारा करते हुए एक बार फिर ‘त्वरित एक्शन’ की मिसाल पेश की है। शहर के ऐतिहासिक और प्राचीन काली देवी मंदिर के बाहर पिछले काफी समय से सीवरेज ब्लॉकेज के कारण स्थिति बेहद खराब थी, जिसे मेयर ने व्यक्तिगत रुचि लेकर हल करवा दिया है। इस अवसर पर मेयर के साथ निगम टीम से एसडीओ मनीष, जेई कार्तिक, सुपरवाइजर साहिल मित्तल, विजय कुमार और सज्जन कुमार भी मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के बाहर ओवरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान सीवरेज की मुख्य लाइन बुरी तरह ब्लॉक हो गई थी। इस कारण गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा था, जिससे मंदिर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं और स्थानीय दुकानदारों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। अक्सर देखा जाता है कि निगम द्वारा हर काम टेंडर प्रक्रिया के जरिए किया जाता है, लेकिन इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करवाने के लिए मेयर ने निगम टीम को तुरंत काम शुरू करने के आदेश जारी किए।
इस संबंध में मेयर कुंदन गोगिया ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए पी.एस.पी.सी.एल. (PSPCL) कार्यालय से लेकर ओमेक्स मॉल तक लगभग 350 फीट लंबी नई सीवरेज पाइप लाइन डालने की कार्रवाई मुकम्मल करवाई गई है। इस नई लाइन के डलने से अब इलाके में सीवरेज ओवरफ्लो और ब्लॉकेज की समस्या जड़ से खत्म हो जाएगी।
मेयर कुंदन गोगिया ने बातचीत करते हुए कहा, “शहर वासियों की सुविधा मेरी पहली प्राथमिकता है। चाहे वह सफाई हो या सीवरेज, मैं पटियाला वासियों के लिए 24 घंटे हाजिर हूं।” इस कार्रवाई के बाद मंदिर कमेटी और शहर वासियों ने मेयर कुंदन गोगिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस पुरानी समस्या का समाधान होने से सभी ने राहत की सांस ली है।
फोटो: पाइप लाइन के काम का निरीक्षण करते मेयर और निगम टीम।






