HomeNational ‘टटीहरी’ गाने के विवाद में रैपर बादशाह के खिलाफ गिरफ्तारी आदेश, महिला...

 ‘टटीहरी’ गाने के विवाद में रैपर बादशाह के खिलाफ गिरफ्तारी आदेश, महिला आयोग सख्त

पानीपत, 13 मार्च 2026: हरियाणा महिला आयोग ने ‘टटीहरी’ गाने से जुड़े विवाद के मामले में बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह के खिलाफ गिरफ्तारी के आदेश जारी किए हैं। समन जारी होने के बावजूद शुक्रवार को वह पानीपत में आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए।

बादशाह के वकीलों ने आयोग को बताया कि पेशेवर प्रतिबद्धताओं के कारण वह निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हो सके और आयोग से अगली तारीख देने का अनुरोध किया गया था।

इस पर हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया बैठक के दौरान नाराज हो गईं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बादशाह दोपहर 3 बजे तक पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उन्होंने पंचकुला और पानीपत के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि बादशाह को गिरफ्तार किया जाए और उनका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया जाए, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें।

महिला आयोग ने 6 मार्च को बादशाह को नोटिस भेजकर ‘टटीहरी’ गाने में लड़कियों के खिलाफ आपत्तिजनक बोल और दृश्यों को लेकर पानीपत के एसपी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा था। हालांकि, बादशाह के वकील ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपना पक्ष रखने की अनुमति मांगी थी।

गौरतलब है कि 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ बादशाह का गाना ‘टटीहरी’ विवादों में घिर गया था। विवाद बढ़ने के बाद पंचकूला पुलिस ने इस गाने को यूट्यूब से हटवा दिया था। महिला आयोग और कई सामाजिक संगठनों ने भी इस गाने के बोल और दृश्यों का विरोध किया था।

महिला आयोग का कहना है कि महिलाओं और बेटियों की गरिमा और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments