डीसी डॉ. विवेक भारती के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग की पहल, मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान
टोहाना, 13, मार्च 2026 (संजीव शर्मा): डीसी डॉ. विवेक भारती के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा टोहाना के नगर परिषद परिसर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया।
डीसी डॉ. विवेक भारती ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आमजन को सरकारी योजनाओं से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कैंपों का मुख्य उद्देश्य लोगों को दफ्तरों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत देना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है।
इस बारे जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड़ ने कैंप की जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए टोहाना नगर परिषद में लगाए गए इस कैंप में लगभग 150 आवेदन प्राप्त हुए, इनमें से करीब 50 शिकायतें बैंक खातों से संबंधित थीं, विभाग के कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही ठीक कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि कई लाभार्थियों को पेंशन से जुड़ी तकनीकी समस्याओं, बैंक खाते की जानकारी में त्रुटि, आधार लिंकिंग तथा जन्म तिथि से संबंधित त्रुटियों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जन्म तिथि में सुधार करवाने के लिए क्रीड के कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही लाभार्थियों की जन्म तिथि सत्यापित कर उसकी ऑनलाइन रिक्वेस्ट दर्ज की गई, ताकि रिकॉर्ड में आवश्यक संशोधन किया जा सके।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि कैंप में मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों ने लाभार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समाधान किया तथा आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर और बिना किसी बाधा के पहुंचे।
उन्होंने पेंशन लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को पेंशन से संबंधित कोई समस्या आ रही है तो वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऐसे कैंपों में पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान करवा सकते हैं।
इस मौके पर नगर परिषद चेयरमैन नरेश बसंल, नगर पार्षद राम कुमार, सतीश, क्रीड से गुरमेल, लियाकत अलि समाज कल्याण विभाग से अन्वेषक प्रीती, सतपाल,मुकेश, सोनम,अमन, पवन, उदय तथा टोहाना खंड के सभी सीपीएलओ उपस्थित रहे।






