बीडीपीओ कार्यालय, लघु सचिवालय के विभागीय कार्यालय, पीएचसी, पशु चिकित्सालय और बोर्ड परीक्षा केंद्र का लिया जायजा
फ़तेहाबाद, 12, मार्च 2026 (संजीव शर्मा) : डीसी डॉ. विवेक भारती ने वीरवार को रतिया व नागपुर में विभिन्न सरकारी कार्यालयों और संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रतिया के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) कार्यालय, रतिया लघु सचिवालय परिसर में स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों, नागपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), पशु चिकित्सालय तथा गांव रत्ताखेड़ा स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए बोर्ड परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि आमजन को सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हों। विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना तथा सरकारी संस्थानों में बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बीडीपीओ कार्यालय में व्यवस्थाओं की जांच:-
डीसी डॉ. विवेक भारती ने रतिया व नागपुर के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में हाजिरी रजिस्टर की जांच की तथा विभिन्न शाखाओं का दौरा कर आमजन को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले नागरिकों के कार्य प्राथमिकता के आधार पर समय पर निपटाए जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लघु सचिवालय के विभिन्न विभागों का किया निरीक्षण:-
डीसी ने रतिया स्थित लघु सचिवालय परिसर में विभिन्न विभागों के कार्यालयों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड संधारण तथा नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध करवाएं तथा लंबित कार्यों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करें।
नागपुर बीडीपीओ कार्यालय में विकास कार्यों की समीक्षा:-
डीसी ने नागपुर स्थित बीडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण करते हुए जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले गांवों में चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए और विभाग से संबंधित पेंडिंग फाइलों का शीघ्र निपटारा किया जाए।
पीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा:-
डीसी डॉ. विवेक भारती ने नागपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों के साथ कुशल, संवेदनशील और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।
पशु चिकित्सालय में सुविधाओं की जांच:-
निरीक्षण के दौरान डीसी ने नागपुर के पशु चिकित्सालय का भी दौरा किया और वहां उपलब्ध पशु चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशुपालकों को समय पर बेहतर पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाई जाए और पशुओं के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बोर्ड परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण:-
डीसी डॉ. विवेक भारती ने गांव रत्ताखेड़ा स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए बोर्ड परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और नकल रहित व शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही परीक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। डीसी ने विद्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया तथा शिक्षकों की उपस्थिति रिपोर्ट की भी जांच की। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र पर अनुशासन बनाए रखते हुए विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि परीक्षाएं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
ये रहे मौजूद:-
इस अवसर पर एसडीएम रतिया सुरेंद सिंह, डीआरओ श्याम लाल, डीडीपीओ अनूप सिंह, बीडीपीओ विकास लंग्यान, एसडीओ पंचायती राज सुमित, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, एआईपीआरओ डॉ. विनय बेनीवाल, एएफएसओ नरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो: रतिया/फतेहाबाद। रतिया व नागपुर में विभिन्न सरकारी कार्यालयों और संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।






