चंडीगढ़, 12 मार्च 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘मिशन रोजगार’ पहल के तहत विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 818 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा पिछले चार वर्षों में दी गई सरकारी नौकरियों की कुल संख्या बढ़कर 65,264 हो गई है।
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं को पारदर्शी और मेरिट के आधार पर रोजगार देने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि नए नियुक्त उम्मीदवारों में बिजली विभाग के 459, स्थानीय निकाय विभाग के 215, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 129 तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के 15 प्रोफेसर और सहायक प्रोफेसर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली विभाग में 1,750 और पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जिसे जून 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी नियुक्तियां पूरी तरह मेरिट, पारदर्शिता और बिना किसी सिफारिश के दी गई हैं।
उन्होंने नए नियुक्त युवाओं को ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ये सभी अब सरकार के परिवार का हिस्सा हैं और मिलकर पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने में योगदान देंगे। समारोह में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा और बलबीर सिंह भी मौजूद रहे।






