डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा – विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास सहित स्वास्थ्य सेवाओं पर केंद्रित है सरकारी योजनाएं
डीसी ने रावमावि, पीएचसी कुलां, जाखल थाना व टोहाना बस स्टैंड का दौरा कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मिड डे मील की खाद्य सामग्री की खुद गहनता से की जांच
फ़तेहाबाद, 11 मार्च 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार की जनहितकारी सोच के अनुरूप फतेहाबाद जिला प्रशासन शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ ही आमजन की सुरक्षा पर पूरा फोकस कर रहा है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदत्त हों इसके लिए डीसी डॉ. विवेक भारती बुधवार को फील्ड में उतरकर पूरी सजगता के साथ धरातल पर शैक्षणिक व स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
डीसी डॉ. भारती ने जिला में स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जाखल थाना, कुलां स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा पीएचसी कुलां का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दी जा रही सेवाओं को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

डीसी ने एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा के साथ कुलां स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए मिड डे मील की खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने विभिन्न कक्ष, मिड डे मील व्यवस्था, कंप्यूटर लैब, स्टाफ रूम और प्राचार्य कक्ष का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की। डीसी ने शिक्षकों से विद्यार्थियों की पढ़ाई और उपस्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, शिकायत पेटी तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की भी जांच की और कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्कूलों के इंस्पेक्शन रजिस्टर पर हस्ताक्षर भी किए और मूलभूत सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

पीएचसी कुलां का किया निरीक्षण :
डीसी ने पीएचसी कुलां का भी दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में अनुशासन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंद तक पहुंचाने में स्वास्थ्य कर्मियों को मानवीय आधार पर सेवस करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर डीसी ने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों के साथ कुशल और संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उन्हें समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए।
जाखल थाने का किया निरीक्षण :
डीसी डॉ. विवेक भारती ने जाखल थाना का निरीक्षण करते हुए रिकॉर्ड रूम और मालखाना की व्यवस्थाओं की भी जांच की। उन्होंने क्राइम रजिस्टर, डाक रजिस्टर, चालान रसीद, सीएम विंडो शिकायत रजिस्टर तथा अटेंडेंस रजिस्टर की जांच कर रिकॉर्ड संधारण की स्थिति का अवलोकन किया। डीसी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाना में आने वाले नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
टोहाना बस स्टैंड का किया डीसी ने दौरा :
डीसी डॉ. विवेक भारती ने बुधवार को टोहाना में बस स्टैंड परिसर का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए उपलब्ध बसों की समय सारिणी की जांच की तथा सम्बंधित रोडवेज कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीसी ने यात्रियों को प्रदत्त सेवाओं की जानकारी भी ली। साथ ही बस स्टैंड परिसर में जन सेवाओं की उपलब्धता के बारे में भी कहा।






