कपूरथला , 10 मार्च 2026: कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। महिलाओं को दिए जाने वाले 1000-1000 रुपये के वित्तीय सहायता भत्ते को लेकर उनके एक बयान से सियासी हलचल मच गई है। इस मामले में पंजाब राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए सुखपाल सिंह खैहरा के खिलाफ स्वतः संज्ञान (सुओ-मोटो) नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को भी तलब किया गया है।
पंजाब राज्य महिला आयोग ने इस घटना पर स्वतः संज्ञान लेते हुए कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयोग की चेयरपर्सन ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले बयान समाज में गलत संदेश देते हैं।
आयोग की ओर से एसएसपी कपूरथला के माध्यम से दोनों नेताओं को नोटिस भेजा गया है और उन्हें 12 मार्च को महिला आयोग के कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में सुखपाल सिंह खैहरा ने महिलाओं को दिए जाने वाले 1000 रुपये के भत्ते को लेकर एक टिप्पणी की थी, जिसे महिला आयोग ने महिलाओं का अपमान माना है। आयोग का कहना है कि इस तरह की भाषा महिलाओं की मान-मर्यादा को ठेस पहुंचाती है।
इस मुद्दे को लेकर पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भी जोरदार हंगामा हुआ, जिसके बाद यह मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।






