लुधियाना, 10 मार्च 2026: लुधियाना के शिवपुरी इलाके में तूती वाले मंदिर के पास प्रशासन की कथित लापरवाही के चलते एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क पर बने करीब 7 फुट गहरे गड्ढे में 68 वर्षीय बुजुर्ग अपनी इलेक्ट्रॉनिक एक्टिवा स्कूटी सहित गिर गए।
जानकारी के अनुसार बुजुर्ग अपनी ई-एक्टिवा पर सवार होकर घर का सामान लेने निकले थे। मंदिर के पास सड़क इतनी खराब हालत में थी कि अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे गड्ढे में जा गिरे। बुजुर्ग के गिरते ही आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और काफी मशक्कत के बाद उन्हें गड्ढे से बाहर निकाला।
हादसे में बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें ई-रिक्शा के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी रोष देखने को मिला। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह सड़क पिछले कई महीनों से मौत का जाल बनी हुई है। उनका कहना है कि यहां दोपहिया वाहन चालक अक्सर गिरकर घायल हो जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने अब तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आज एक बुजुर्ग की जान जाते-जाते बची है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नगर निगम किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। हादसे के बाद गुस्साए निवासियों ने क्षेत्र के काउंसलर और विधायक से मांग की है कि सड़क और खतरनाक गड्ढों की तुरंत मरम्मत कराई जाए तथा सड़क को दोबारा बनाया जाए, ताकि लोग सुरक्षित और सुगमता से आवागमन कर सकें।






