- पंजाब की शांति और विकास के लिए प्रार्थना की और ‘सरबत के भले’ (सबकी भलाई) की कामना की।
- मंदिर में चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया।
- कहा: पटियाला में पहली बार माता श्री काली देवी के चरणों में नतमस्तक होने का सौभाग्य मिला।
- माता श्री काली देवी मंदिर के नवनिर्माण कार्य संपन्न होने से यह न केवल पंजाब, बल्कि पूरे देश के लिए दर्शनीय स्थान बनेगा – गुलाब चंद कटारिया।
पटियाला, 9 मार्च, 2026: पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया पटियाला स्थित माता श्री काली देवी मंदिर में नतमस्तक हुए। इस दौरान श्री कटारिया ने माता के चरणों में पंजाब की शांति और विकास के लिए प्रार्थना करते हुए ‘सरबत के भले’ की कामना भी की। उन्होंने कहा कि उन्हें पटियाला के इस भव्य मंदिर में पहली बार आकर माँ देवी के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
राज्यपाल श्री कटारिया ने कहा कि माँ काली देवी शत्रु विनाशक हैं और यहाँ हर श्रद्धालु प्रार्थना करता है कि माँ हमें सद्बुद्धि और अच्छा दिमाग दें ताकि हम समाज और लोगों की सेवा कर सकें, जिससे हम खुद ही नहीं बल्कि सारा देश भी सुखी रहे।
राज्यपाल ने कहा कि जो व्यक्ति छल-कपट से काम करता है, उसका विनाश करना भी इसी देवी की शक्ति है, इसलिए हमारी मान्यता है कि माँ काली देवी के चरणों में जरूर झुका जाए। राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि इस मंदिर की रचना इस प्रकार की गई है कि यह मंदिर हर व्यक्ति की आस्था का केंद्र बना हुआ है।
इस अवसर पर मंदिर एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी के सदस्यों, सीए अजय अलीपुरिया और संजय सिंगला ने राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया को सम्मानित करते हुए ऐतिहासिक माता श्री काली देवी मंदिर के नवीनीकरण के लिए चल रहे करीब 75 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स के बारे में जानकारी दी।
राज्यपाल श्री कटारिया ने कहा कि सबकी आस्था के इस केंद्र के नवनिर्माण कार्य मुकम्मल होने से पटियाला का यह भव्य मंदिर केवल पंजाब ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए दर्शन करने योग्य स्थान बनेगा। इससे पहले राज्यपाल का पटियाला पहुँचने पर नगर निगम के मेयर कुंदन गोगिया, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, एसएसपी वरुण शर्मा और नगर निगम कमिश्नर परमजीत सिंह ने स्वागत किया।
फोटो कैप्शन: पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया पटियाला स्थित माता श्री काली देवी मंदिर में नतमस्तक होते हुए।






