जिला स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
फ़तेहाबाद, 09 मार्च 2026 (संजीव शर्मा) : डीसी डॉ. विवेक भारती की अध्यक्षता में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार कक्ष में जिला स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डीसी ने जननी सुरक्षा योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान, स्वास्थ्य सूचकांक, एचपीवी टीकाकरण अभियान सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों और योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
डीसी डॉ. विवेक भारती ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक इस अभियान का लाभ पहुंचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि जिले के स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार लाने के लिए नियमित निगरानी, डाटा का विश्लेषण तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है, इसके लिए संबंधित अधिकारी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार डाटा का गहन विश्लेषण कर रणनीति तैयार करें तथा उसी के आधार पर अभियानों की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
डीसी ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार को और अधिक मजबूत किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सीएससी स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित जानकारी कर्मचारियों और आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच सके और पात्र व्यक्तियों को समय पर इन योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान डीसी ने जिले में चल रही निर्माणाधीन स्वास्थ्य परियोजनाओं की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
डीसी डा. विवेक भारती ने पीसीपीएनडीटी एक्ट की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले के किसी भी अल्ट्रासाउंड सेंटर में अवैध रूप से लिंग जांच नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं ऐसी गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तुरंत प्रभाव से छापेमारी कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों को रोकना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और आमजन को बेहतर सेवाएं प्रदान करें।
डीसी ने बताया कि वे समय-समय पर स्वयं भी फील्ड में जाकर स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण करते हैं। इसलिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी व्यवस्था, साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखा जाए।
बैठक में एंबुलेंस सेवाओं के रिस्पांस टाइम, शिकायत निवारण प्रणाली तथा स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी स्टाफ की कमी है, वहां आवश्यक रिक्तियों को मुख्यालय और सीएसआर के माध्यम से पूरा करवाने के लिए प्रयास किए जाएं।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आभा आईडी बनवाने की अपील करते हुए कहा कि डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत यह आईडी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुगम और पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटोः फतेहाबाद। लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए डीसी डाॅ. विवेक भारती।






