06 मार्च 2026: असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में प्रशिक्षण उड़ान के दौरान भारतीय वायुसेना का सुखोई Su-30MKI फाइटर जेट रडार से लापता होने के बाद क्रैश हो गया। इस हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई।
मृतक पायलटों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूरवेश दुरागकर के रूप में हुई है। भारतीय वायुसेना ने देर रात 1 बजकर 9 मिनट पर विमान के क्रैश होने की पुष्टि की, जबकि आज सुबह दोनों पायलटों के निधन की जानकारी दी गई।
वायुसेना के अनुसार दुर्घटना के समय फाइटर जेट नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। इसी दौरान उसका ग्राउंड कंट्रोल से संपर्क टूट गया। रडार से संपर्क टूटने के बाद वायुसेना ने तुरंत अलर्ट जारी किया और जांच के लिए आईएएफ की टीम को असम रवाना किया गया।
फिलहाल विमान के सटीक क्रैश स्थान और संपर्क टूटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
गौरतलब है कि सुखोई Su-30MKI भारतीय वायुसेना के सबसे शक्तिशाली लड़ाकू विमानों में से एक माना जाता है। यह दो इंजन वाला मल्टी-रोल फाइटर जेट है, जिसका उपयोग लंबी दूरी की स्ट्राइक, निगरानी और कई महत्वपूर्ण सैन्य मिशनों के लिए किया जाता है।






