फ़तेहाबाद 6 मार्च 2026 (संजीव शर्मा) : सीटीएम गौरव गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों को लंबित न रखते हुए शीघ्र कार्रवाई करें और समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर रिपोर्ट को अवश्य अपडेट कर दें। सीटीएम गौरव गुप्ता लघु सचिवालय सभागार में समाधान शिविर पर आई शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
सीटीएम गौरव गुप्ता ने समाधान शिविर में आई शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुरानी सभी लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायत पोर्टलों की प्रतिदिन निगरानी रखते हुए प्राप्त शिकायतों का शीघ्र समाधान करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही शिकायत के समाधान उपरांत एटीआर अवश्य अपलोड करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रि-ओपन शिकायतों को प्राथमिकता से हल करते हुए शिकायत का स्थाई समाधान करना सुनिश्चित करें।
सीटीएम गौरव गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार की ओर से जिला और उपमंडल स्तर पर लगाए जा रहे समाधान शिविर आमजन की शिकायतों के समाधान का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। समाधान शिविर के साथ ही जनसेवा के लिए सरकार के ऑनलाइन पोर्टल का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है और लोगों को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान मुहैया करवाना है। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता के साथ नियमित निगरानी करते हुए त्वरित समाधान करना सुनिश्चित करें।
फोटो: फतेहाबाद। लघु सचिवालय सभागार में समाधान शिविर पर आई शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए सीटीएम गौरव गुप्ता।






