डॉ. बलबीर सिंह द्वारा बेटियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एचपीवी टीकाकरण मुहिम की शुरुआत
16 बच्चियों का टीकाकरण कर मुहिम की गई शुरुआत
अभिभावकों से बेटियों का टीकाकरण करवाने की अपील
पटियाला, 28 फरवरी 2026: पंजाब में बेटियों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम उठाते हुए पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह द्वारा आज सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राज्य स्तरीय एचपीवी टीकाकरण मुहिम की शुरुआत की गई। इस महत्वपूर्ण मुहिम का शुभारंभ पटियाला के माता कौशल्या अस्पताल से किया गया, जिसके तहत राज्यभर में बच्चियों को इस घातक बीमारी से बचाने के लिए व्यापक जागरूकता और टीकाकरण प्रक्रिया शुरू की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार स्वस्थ एवं सुरक्षित पंजाब के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में पाए जाने वाले गंभीर कैंसरों में से एक है, जो गर्भाशय के निचले हिस्से में होता है और इसका मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) है। उन्होंने कहा कि समय पर लगाया गया टीका इस बीमारी से बचाव में अत्यंत प्रभावी साबित होता है।
डॉ. बलबीर सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में वे इस जानलेवा रोग से सुरक्षित रह सकें। उन्होंने कहा कि “यदि हमारी बेटियां सुरक्षित होंगी तो ही आने वाली पीढ़ियां सुरक्षित होंगी।”
इस अवसर पर परिवार एवं कल्याण विभाग की निदेशक डॉ. अदिति सलारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह वैक्सीन 14 वर्ष की उन लड़कियों को दी जाएगी, जिनका 14वां जन्मदिन पूरा हो चुका है लेकिन 15वां अभी नहीं आया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पंजाब में 253 केंद्रों पर पात्र बच्चियों का टीकाकरण किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि टीकाकरण से पहले यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है, जिसके माध्यम से पूरी प्रक्रिया को डिजिटल एवं पारदर्शी बनाया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि 16 बच्चियों का टीकाकरण कर इस मुहिम की शुरुआत की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह मुहिम पूरे राज्य में चलाई जाएगी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सुरक्षा मानकों की पूर्ण पालना करते हुए टीकाकरण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य भविष्य में पंजाब को सर्वाइकल कैंसर मुक्त राज्य बनाना है।
इस मौके पर निदेशक नेशनल हेल्थ मिशन डॉ. बलविंदर कौर, स्टेट इम्यूनाइजेशन ऑफिसर डॉ. मंजू, सिविल सर्जन जसविंदर सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. संजय कामरा, समूह एसएमओज, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कुशलदीप कौर गिल, जसवीर गांधी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।






