युवा ही “रंगला पंजाब” के असली ब्रांड एंबेसडर: स्वास्थ्य मंत्री
पटियाला, 28 फरवरी 2026: एशियन ग्रुप ऑफ कॉलेजेज़ द्वारा आयोजित कंवोकेशन और एलुमनी मीट समारोह में पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उनके साथ महाराजा भूपिंदर सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. पुष्पिंदर सिंह गिल भी मौजूद थे।
स्वास्थ्य मंत्री ने विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए दिल से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि युवा ही “रंगला पंजाब” के वास्तविक ब्रांड एंबेसडर हैं। उन्होंने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर पंजाब का नाम देश-विदेश में रोशन कर सकते हैं और प्रगति के नए मानक स्थापित कर सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार शिक्षा क्रांति को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में बुनियादी ढांचे में सुधार, आधुनिक प्रयोगशालाएं, डिजिटल सुविधाएं और कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षा क्षेत्र में की जा रही नई पहलों से विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय अवसर प्राप्त होंगे और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
एलुमनी मीट के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्व विद्यार्थियों से भी मुलाकात की और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कॉलेज के पूर्व छात्र संस्था के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और उनकी सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होती है।
समारोह में कॉलेज के चेयरमैन श्री तरसेम सैणी द्वारा मुख्य अतिथियों का सम्मान किया गया। कॉलेज प्रबंधन ने संस्था की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की।
इस अवसर पर पंजाब आढ़तिया एसोसिएशन के वरिष्ठ वाइस प्रेसिडेंट सरदार सतविंदर सिंह, सरदार हरभिंदर सिंह, सरदार शिंगार सिंह, प्रिंसिपल डॉ. मीनू सिंह, डॉ. कुमकुम बजाज, डॉ. पाबला और डॉ. एम.एस. सैणी उपस्थित थे।






