डॉग स्क्वॉड व कमांडो टीम के साथ चलाए गए सघन तलाशी अभियान में 50 लीटर लाहन व 15 बोतल अवैध शराब बरामद
रतिया, 25 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत थाना शहर रतिया क्षेत्र में नशे के विरुद्ध विशेष आक्रमण अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत थाना शहर रतिया की पुलिस टीम ने डॉग स्क्वॉड व कमांडो विंग के साथ मिलकर क्षेत्र में व्यापक सर्चिंग एवं तलाशी अभियान चलाया।
थाना शहर रतिया प्रभारी महिला निरीक्षक पुष्पा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों व संदिग्ध स्थानों पर गहन जांच की। इसी दौरान गांव रत्ता खेड़ा में एक संदिग्ध मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मकान से करीब 50 लीटर लाहन तथा 15 बोतल नाजायज शराब बरामद की गई। मौके पर मौजूद महिला को पुलिस टीम द्वारा काबू किया गया।
आरोपी की पहचान रानी पत्नी भगवान दास निवासी गांव रत्ता खेड़ा के रूप में हुई। बरामद लाहन व अवैध शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध थाना शहर रतिया में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर मुनासिब कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
अभियान के दौरान डॉग स्क्वॉड टीम द्वारा आसपास के क्षेत्र की भी जांच की गई तथा कमांडो टीम ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि अवैध शराब व नशीले पदार्थों की तस्करी पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत जिले में नशे के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






