HomeHaryanaशरीर व जूतों में छिपाकर लाई जा रही थी लाखों की अफीम,...

शरीर व जूतों में छिपाकर लाई जा रही थी लाखों की अफीम, सीआईए टोहाना ने दो अंतरराज्यीय तस्कर दबोचे

नशा मुक्त अभियान के तहत 2 किलो 803 ग्राम अफीम बरामद, झारखंड से सप्लाई करने आए थे आरोपी

टोहाना 25 फरवरी 2026 (संजीव शर्मा) : जिले में चल रहे नशा मुक्त अभियान के तहत फतेहाबाद पुलिस को एक बड़ी और उल्लेखनीय सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन तथा डीएसपी क्राइम एवं मुख्यालय कुलबंत सिंह के कुशल नेतृत्व में कार्य करते हुए सीआईए टोहाना की टीम ने झारखंड से अफीम सप्लाई करने आए दो तस्करों को काबू कर उनके कब्जे से 2 किलो 803 ग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

कार्रवाई की जानकारी देते हुए सीआईए टोहाना प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पिछले कई दिनों से पुलिस को सूचना मिल रही थी कि बाहरी राज्यों से कुछ तस्कर शहर में नशे की खेप सप्लाई करने की फिराक में हैं। इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गुप्त रूप से निगरानी शुरू कर दी।

दिनांक 24.02.2026 को सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में बाइपास नहर पुल, टोहाना पर नाकाबंदी की गई। कुछ ही समय बाद नए बस अड्डे की तरफ से दो युवक पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों युवक घबराकर भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को काबू कर लिया।

पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान मोहम्मद अबूल आलम पुत्र मोहम्मद शेरज आलम निवासी सोनपुरा थाना तराहासी जिला पलामू (झारखंड) तथा मोहम्मद हादिश मियां पुत्र सहूद मियां निवासी सोनपुरा थाना तराहासी जिला पलामू (झारखंड) के रूप में बताई। शक के आधार पर नियमानुसार तलाशी लेने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दोनों तस्करों ने अफीम को अपने पैरों में पहने नी-कैप के अंदर धागों से कसकर लपेट रखा था। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने जूतों के भीतर भी अफीम छिपा रखी थी ताकि पुलिस की नजरों से बच सकें।

तलाशी के दौरान कुल 2 किलो 803 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस संबंध में थाना शहर टोहाना में अभियोग संख्या 62 दिनांक 24.02.2026 धारा 18, 61, 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जा सके।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उक्त नशीले पदार्थ को क्षेत्र में सप्लाई करने के उद्देश्य से लाए थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

सीआईए टोहाना की इस सतर्क और प्रभावी कार्रवाई से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि फतेहाबाद पुलिस नशा तस्करों के मंसूबों को हर हाल में विफल करने के लिए पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। जिले के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की मुहिम निरंतर जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments