अब भीड़भाड़ और तंग इलाकों में भी सीवरेज की होगी मुकम्मल सफाई – मेयर, कमिश्नर
पटियाला, 25 फरवरी, 2026 : शाही शहर पटियाला में लंबे समय से चली आ रही सीवर जाम और गंदे पानी की निकासी संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में नगर निगम ने एक और बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया और निगम कमिश्नर परमजीत सिंह ने आज नई हाई-प्रेशर जेटिंग सीवर मशीन का उद्घाटन कर इसे जनता की सेवा के लिए समर्पित किया।
इस अवसर पर मेयर और कमिश्नर ने बताया कि यह आधुनिक मशीन विशेष रूप से शहर के पुराने, तंग और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जहां पहले सीवर सफाई के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। हाई-प्रेशर तकनीक से लैस यह मशीन सीवर लाइनों में जमी मिट्टी, कचरा और अन्य अवरोधों को तेजी से साफ करने में सक्षम है।
मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ, स्वस्थ और रोगमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सीवर जाम के कारण लोगों को होने वाली परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए निगम द्वारा मशीनरी में लगातार वृद्धि की जा रही है। नई जेटिंग मशीन के माध्यम से अब शिकायतों का निपटारा और अधिक तेजी से किया जाएगा।
निगम कमिश्नर परमजीत सिंह ने कहा कि केवल नई मशीनें ही नहीं खरीदी जा रही हैं, बल्कि मौजूदा सफाई उपकरणों और वाहनों की मरम्मत एवं रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निगम की टीम को निर्देश दिए गए हैं कि सीवरेज से संबंधित प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मेयर और कमिश्नर ने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में नगर निगम का सहयोग करें और सीवर लाइनों में कचरा, प्लास्टिक या अन्य अवांछित वस्तुएं न डालें। उन्होंने कहा कि नगर निगम और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से ही पटियाला को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाया जा सकता है।
फोटो: हाई-प्रेशर जेटिंग सीवर मशीन का उद्घाटन करते हुए मेयर कुंदन गोगिया और निगम कमिश्नर परमजीत सिंह।
जारीकर्ता
राजिंदर मोहन (सचिव)
महापौर कार्यालय, पटियाला
83609 66060






