शहर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार वचनबद्ध – स्वास्थ्य मंत्री
एकता विहार और सनी एन्क्लेव को मिला विकास का तोहफा
स्वास्थ्य मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की कार्यप्रणाली की समीक्षा
पटियाला, 25 फरवरी, 2026: पटियाला देहात के विभिन्न गांवों का पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह द्वारा अचानक दौरा किया गया। इस दौरान वे पटियाला जिले के अंतर्गत आने वाले गांव लचकानी पहुंचे, जहां उन्होंने चल रहे विकास कार्यों और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। दौरे के दौरान जहां भी कमियां या लापरवाही सामने आई, वहां स्वास्थ्य मंत्री ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर तुरंत बुलाया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लोगों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत जारी किए गए कार्डों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजना का पूरा लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की जन-हितैषी योजनाओं का फायदा हर घर तक पहुंचना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने आज पटियाला शहर के एकता विहार और सनी एन्क्लेव क्षेत्रों में करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की। इस अवसर पर उनके साथ पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया, डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली और स्थानीय पार्टी नेता भी मौजूद थे। इन विकास परियोजनाओं में सड़कों की मरम्मत, नई गलियों का निर्माण, सीवरेज प्रणाली में सुधार, पेयजल सुविधा को मजबूत करना और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था शामिल है।
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पटियाला को विकास के मामले में नंबर वन शहर बनाने के लिए सरकार वचनबद्ध है और हर वार्ड में आवश्यकता अनुसार कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पटियाला में जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक खोले गए हैं, जहां लोगों को मुफ्त इलाज, जांच और दवाइयों की सुविधा मिल रही है। इसके अलावा पटियालावासियों के लिए राजिंदरा अस्पताल और माता कौशल्या अस्पताल जैसी बड़ी स्वास्थ्य संस्थाएं भी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने बताया कि इन अस्पतालों में ढांचागत सुधार और उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयास भी जारी हैं।
डॉ. बलबीर सिंह ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा जल्द ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार लोगों से किए गए हर वादे को निभाने के लिए वचनबद्ध है और विकास कार्यों की रफ्तार आने वाले समय में और तेज की जाएगी। इस अवसर पर एमसी रुपाली गर्ग, प्रदीप गर्ग सहित क्षेत्रवासी मौजूद थे।






