कोलकाता 24 फरवरी, 2026: कोलकाता हाई कोर्ट सहित पश्चिम बंगाल की सात अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सभी कोर्ट परिसरों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। राज्य की राजधानी कोलकाता के अलावा आसनसोल समेत पांच जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
जानकारी के मुताबिक कोलकाता हाई कोर्ट के अलावा आसनसोल, दुर्गापुर, बहारामपुर, सिउड़ी, रामपुरहाट और अलीपुर अदालतों को भी बम धमाके की चेतावनी वाला ई-मेल भेजा गया है।
आसनसोल के जिला जज देव प्रसाद नाथ के अनुसार, उन्हें सुबह करीब 11:30 बजे एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें दोपहर 1 बजे अदालत परिसर में विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। ई-मेल मिलते ही न्यायिक कार्य तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिए गए और अदालत परिसर खाली कराने के आदेश जारी किए गए। इसकी सूचना तुरंत आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को दी गई।
सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे कोर्ट परिसर को घेर लिया गया। आम लोगों के प्रवेश पर तुरंत रोक लगा दी गई। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों को बुलाकर अदालत परिसरों की सघन तलाशी ली जा रही है।
धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया है कि अदालत के कमरों और जज के चैंबर में विस्फोटक रखे गए हैं। ई-मेल में कई गंभीर और आपत्तिजनक दावे भी किए गए हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
सूत्रों के अनुसार, ई-मेल बंगाली भाषा में भेजा गया था और मामले की साइबर जांच शुरू कर दी गई है। ई-मेल आईडी और उसके तकनीकी स्रोत की पहचान के लिए साइबर सेल की टीम सक्रिय कर दी गई है। फिलहाल किसी भी अदालत परिसर से विस्फोटक सामग्री मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।






