पटियाला, 23 फरवरी 2026: पंजाब होम गार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा राजिंद्र अस्पताल स्थित सरकारी नर्सिंग महाविद्यालय में दूसरे 7 दिवसीय सिविल डिफेंस प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण योजना कैंप का आयोजन किया गया।
पंजाब होम गार्ड्स के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस एवं सिविल डिफेंस पंजाब के निदेशक संजीव कालड़ा तथा जिला कमांडर गगनप्रीत सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में आयोजित इस कैंप का उद्घाटन मुख्यमंत्री फील्ड अधिकारी सतीश चंद्र, जिला कमांडर गगनप्रीत सिंह ढिल्लों तथा कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल डॉ. बलविंदर कौर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर सतीश चंद्र ने कहा कि कैंप में वॉलंटियर्स को आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षित करना सराहनीय पहल है।
कैंप के दौरान सिविल डिफेंस के नोडल अधिकारी एवं कंपनी कमांडर मोहंदीप सिंह, कंपनी कमांडर कर्मजीत सिंह भिंडर, कंपनी कमांडर मनजिंदर अत्तरी, सिविल डिफेंस पटियाला के चीफ वार्डन के.एस. सेखों तथा प्लाटून कमांडर तरविंदर सिंह सहित 180 वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।
जिला कमांडर गगनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि कैंप के दौरान प्रशिक्षुओं को नागरिक सुरक्षा की 12 वार्डन सेवाएं, फायर सेफ्टी, प्राथमिक उपचार, सीपीआर, डूबते व्यक्ति को बचाने के तरीके, प्राकृतिक आपदाओं से निपटने, रोड सेफ्टी, लिफ्टिंग-शिफ्टिंग तथा सुरक्षा उपायों के साथ राहत कार्यों में भागीदारी आदि विषयों पर प्रशिक्षण और अभ्यास कराया जाएगा।
कैंप के समापन पर सभी वॉलंटियर्स को प्रमाण पत्र, ट्रैक सूट, टी-शर्ट तथा सिविल डिफेंस से संबंधित पुस्तकें वितरित की जाएंगी।






