कासगंज , 22 फरवरी 2026: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बंद घर के अंदर से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह घर पिछले तीन दिनों से बंद था। जब घर में कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुई। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था, जहां अलग-अलग स्थानों पर शव पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में सामूहिक आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
रिपोर्टों के अनुसार अमनपुर इलाके में स्थित इस घर से मिले शवों की पहचान श्यामवीर सिंह (50), उनकी पत्नी शीला (48), बेटियां आकांक्षा (10) और प्राची (12) तथा पुत्र ग्रीश (8) के रूप में हुई है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि श्यामवीर ने पहले अपने परिवार के सदस्यों को जहर दिया और बाद में खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां हत्या और आत्महत्या से जुड़े संभावित कारणों पर भी विचार कर रही हैं।






