फ़तेहाबाद, 20 फरवरी 2026 (संजीव शर्मा): डीसी डॉ. विवेक भारती ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविरों तथा अन्य पोर्टलों के माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों व समस्याओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों की शिकायतों को सकारात्मक दृष्टि के साथ निपटाएं तथा संबंधित नागरिक से संवाद कर उन्हें विभाग की कार्यवाही से अवगत कराकर संतुष्ट करें। इससे पहले जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन ने वीसी द्वारा सभी जिलों के उपायुक्त की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी डा. विवेक भारती ने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों के समाधान के लिए कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी शिकायत ज्यादा दिन तक लंबित न रहे। शिकायतों का यथासंभव उचित निपटारा किया जाये। डीसी ने कहा कि अधिकारी समाधान शिविर के अलावा सीएम विंडो की लंबित शिकायतों का भी तुरंत समाधान करवाएं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सभी शिकायत पोर्टल की शिकायतों के निपटारे की नियमित अंतराल पर समीक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से सीएम विंडो, एसएमजीटी, सीपीग्राम, जनसंवाद व समाधान शिविर के पोर्टल को चेक करें तथा यथाशीघ्र शिकायतों का निपटारा करें।
बैठक में एसडीएम राजेश कुमार, सीईओ जिलापरिषद सुरेश कुमार, डीएसपी कुलवंत सिंह, डीडीपीओ अनूप सिंह, डीएफओ राजेश लीलड़, उप निदेशक पशुपालन डा. सुखविंद्र, उप निदेशक कृषि डा. राजेश सिहाग, लीड बैंक मैनेजर विक्रांत वर्मा, एसडीओ सतपाल रोहज, जिला कल्याण अधिकारी विनोद चावला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो : लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।






