चंडीगढ़, 20 फरवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को घोषणा की कि राज्य सरकार ने प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, शहरी नियोजन को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर आवास सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से हाउसिंग बोर्ड हरियाणाको भंग कर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) में विलय कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन सरकारी प्रस्ताव पेश करते हुए की। उन्होंने बताया कि हाउसिंग बोर्ड हरियाणा और HSVP के कार्यों में काफी समानता थी, ऐसे में इस विलय से कार्यों की पुनरावृत्ति समाप्त होगी, बेहतर समन्वय सुनिश्चित होगा और प्रदेश में शहरी विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी।
उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि हाउसिंग बोर्ड हरियाणा के सभी कर्मचारियों के हितों की पूरी तरह रक्षा की गई है और विलय के बाद आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं।
यह प्रस्ताव हरियाणा हाउसिंग बोर्ड अधिनियम, 1971 की धारा 80 की उपधारा (1) के तहत पारित किया गया है। इस निर्णय के साथ ही हाउसिंग बोर्ड की सभी जिम्मेदारियां, संपत्तियां और कार्य अब हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधीन होंगे।






