67वें श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ में पहुंचे राज्यसभा सांसद सुभाष बराला
टोहाना , 19 फरवरी 2026 (संजीव शर्मा): डेरा बाबा श्याम पुरी जी महाराज (शिव मंदिर), धारसूल में 67वें वार्षिक संगीतमय श्रीमद् भागवत सत्संग ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन 12 फरवरी से 19 फरवरी तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कथा, भजन और सत्संग का आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। राज्यसभा सांसद श्री सुभाष बराला ने ज्ञान यज्ञ में सम्मिलित होकर संत-महात्माओं के सान्निध्य में श्रीमद् भागवत कथा, संगीतमय भजनों और सत्संग का दिव्य लाभ प्राप्त किया। 
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने आयोजकों, श्रद्धालुओं और सेवाभावी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए आयोजन की सफलता हेतु शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शन है। ऐसे ज्ञान यज्ञ समाज में संस्कार, सद्भाव, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज में आध्यात्मिकता मजबूत होती है, तो परिवार, युवा पीढ़ी और सामाजिक ताने-बाने में भी स्थिरता आती है। यह आयोजन न केवल श्रद्धालुओं की आस्था को सुदृढ़ करता है, बल्कि सामाजिक एकता, सेवा भावना और सांस्कृतिक परंपराओं को भी आगे बढ़ाता है।
पूरे सप्ताह चले इस श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण, संकीर्तन, भजन-कीर्तन एवं सत्संग में उत्साहपूर्वक भाग लिया।






