पीआरटीसी की बेहतरी के लिए सभी को साथ लेकर चलेंगे, मांगों का होगा समाधान: जुनेजा
पटियाला, 19 फरवरी 2026: पीआरटीसी कर्मचारी दल के पदाधिकारियों ने पीआरटीसी के नव-नियुक्त चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा का स्वागत करते हुए पीआरटीसी मुख्यालय पटियाला में एक विशेष बैठक की।
बैठक के दौरान कर्मचारी दल के पदाधिकारियों ने कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत कर्मचारियों को माननीय अदालत के आदेशों के अनुसार जल्द स्थायी करने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई। इसके साथ ही रिट पिटीशन नंबर 8240 के माध्यम से नियमित किए गए कर्मचारियों को अदालत के निर्देशानुसार पेंशन लागू करने के मुद्दे पर भी चर्चा की गई।
कर्मचारियों की लंबित विभागीय पदोन्नतियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने तथा विभाग के बेड़े में नई बसों को शामिल करने की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग भी की गई, ताकि पीआरटीसी की आय में वृद्धि हो सके और आम जनता को बेहतर यात्रा सुविधा प्रदान की जा सके।
इसके अतिरिक्त कर्मचारियों को वेतन और पेंशन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग रखी गई। यूनियन नेताओं ने चेयरमैन हरपाल जुनेजा को आश्वस्त किया कि पीआरटीसी की बेहतरी और इसे प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए वे प्रबंधन को हर संभव सहयोग देंगे।
चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने यूनियन नेताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि पीआरटीसी की बेहतरी के लिए सभी को साथ लेकर चला जाएगा तथा उनकी मांगों के समाधान के लिए शीघ्र कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर पीआरटीसी के जीएम पटियाला, कार्यकारी इंजीनियर जतिंदरपाल सिंह ग्रेवाल, जीएम प्रशासन मनिंदरपाल सिंह सिद्धू के अलावा कर्मचारी दल के प्रधान हरप्रीत सिंह खट्ट्रा, महासचिव बिक्रमजीत शर्मा, अमनदीप सिंह टिवाणा, गुरजिंदर सिंह, अमनदीप सिंह, मख्खन सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।






