नई दिल्ली, 18 फरवरी, 2026: दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़े एक अहम आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ‘बॉबी कबूतर’ नाम के आरोपी को गुरुग्राम से दबोचा है, जो पिछले सात वर्षों से फरार चल रहा था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी बॉबी कबूतर ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी की थी। बताया जा रहा है कि वह इस मामले में शामिल शूटर शाहरुख के संपर्क में था।
सूत्रों के मुताबिक, शाहरुख को पहले मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन उसने बाद में मूसेवाला की सुरक्षा में मौजूद AK-47 से लैस हथियारबंद लोगों को देखकर वारदात को अंजाम देने से इनकार कर दिया। इसके बाद इस साजिश को अंजाम देने की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अन्य शूटरों को सौंप दी गई।
फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस हत्याकांड से जुड़े अन्य कड़ियों की जांच जारी है।






