टोहाना, 16 फ़रवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने गाँव पारता में आयोजित विराट श्री जम्भवाणी हरिकथा ज्ञानयज्ञ के पावन अवसर पर शिरकत की और श्रद्धालुजनों के साथ भक्ति, ज्ञान एवं सत्संग के दिव्य वातावरण का अनुभव किया।
इस अवसर पर सांसद सुभाष बराला ने उपस्थित संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। सांसद श्री बराला ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को नैतिक मूल्यों, संस्कारों और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का सशक्त माध्यम होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कथा-वाचन, भजन-कीर्तन और सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया गया। सांसद ने कहा कि श्री जम्भवाणी के उपदेश आज भी समाज को सत्य, अहिंसा, प्रकृति संरक्षण और लोक कल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है, तब ऐसे ज्ञानयज्ञ समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सांसद सुभाष बराला ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी समृद्ध परंपराओं को सशक्त करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और आध्यात्मिक धरोहर से परिचित कराते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के भव्य आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं।






