भिवाड़ी (जयपुर) 16 फरवरी 2026 : राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी कस्बे में सोमवार को आतिशबाजी बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री में भीषण आग लगने से सात मजदूरों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुमित्रा पारीक ने बताया कि जिस परिसर में आग लगी, उसे कपड़ा फैक्ट्री के नाम पर किराए पर लिया गया था, लेकिन शुरुआती जांच में सामने आया है कि अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। यह हादसा भिवाड़ी के खुशखेड़ा-करौली औद्योगिक क्षेत्र में हुआ।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, घटना के समय फैक्ट्री में 20 से अधिक लोग मौजूद थे। आग लगते ही कई मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन नौ लोग अंदर फंस गए, जिनमें से सात की जलकर मौत हो गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। मौके से कुछ मानव अवशेष भी बरामद किए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर अतरिका शुक्ला समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जिला प्रशासन को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए और वन मंत्री संजय शर्मा को अलवर भेजा।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।






