पटियाला, 15 फरवरी 2026: प्रो. किर्पाल सिंह बडूंगर, पूर्व अध्यक्ष शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हमेशा पंजाब के साथ अन्याय किया जाता रहा है और पंजाब के अधिकारों पर डाका मारने से केंद्र सरकार बाज नहीं आ रही।
उन्होंने कहा कि अब एक बार फिर केंद्र सरकार द्वारा पंजाब के साथ किए जा रहे अन्याय की कड़ी के तहत भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के पंजाब जोन का मुख्य अधिकारी भी पंजाब से बाहर के यूटी कैडर के अधिकारी को नियुक्त कर दिया गया है।
प्रो. बडूंगर ने कहा कि पंजाब देश का एक अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है, जिसका योगदान भारत के विकास में सबसे अधिक रहा है, और पंजाब के साथ इस प्रकार की बेइंसाफी किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब का बनता हक पंजाब को दिया जाना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के गांवों को उजाड़कर बनाए गए चंडीगढ़, पंजाबी भाषी क्षेत्रों का मुद्दा, भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड पर केंद्र सरकार का सीधा नियंत्रण, चंडीगढ़ में कर्मचारियों के लिए 60-40 अनुपात में पक्षपात तथा सेना में सिखों की भर्ती प्रक्रिया में कमी जैसे कई फैसले पंजाब और सिख विरोधी हैं।
प्रो. बडूंगर ने कहा कि पंजाब ही एक ऐसा राज्य है जिसने देश की आजादी में सबसे अधिक कुर्बानियां दीं, लेकिन अब केंद्र सरकार द्वारा सबसे बड़ा धोखा भी पंजाब के साथ ही किया जा रहा है।
फोटो: प्रो. किर्पाल सिंह बडूंगर, पूर्व अध्यक्ष






