फ़तेहाबाद, 14 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा): राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने ग्राम पंचायत डांगरा में नवनिर्मित पंचायत भवन का विधिवत लोकार्पण कर उसे ग्रामवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने पारंपरिक ढंग से उनका स्वागत किया और नए भवन के उद्घाटन को गांव के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।
अपने संबोधन में सांसद बराला ने कहा कि यह नया पंचायत भवन गांव के प्रशासनिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे जनसुनवाई की प्रक्रिया सशक्त होगी, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा तथा केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सशक्त पंचायतें ही सशक्त भारत की आधारशिला हैं। ग्रामीण स्तर पर मजबूत आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराने से स्थानीय स्वशासन को मजबूती मिलती है और विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ती है। यह भवन ग्राम सभा की बैठकों, सामाजिक कार्यक्रमों और विभिन्न सरकारी गतिविधियों के संचालन के लिए एक सुव्यवस्थित केंद्र के रूप में कार्य करेगा।
सांसद ने कहा कि ग्रामीण विकास सरकार की प्राथमिकताओं में सर्वोपरि है और गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस भवन का उपयोग जनहित और पारदर्शिता के साथ करें, ताकि गांव के समग्र विकास को नई दिशा मिल सके।
उन्होंने सभी ग्रामवासियों को इस नई सौगात के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि यह पंचायत भवन गांव की प्रगति और सुशासन का नया अध्याय लिखेगा।
इस अवसर पर गाँव डांगरा में सरपंच उर्मिला मूंड, सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप मूंड बलराज, नंबरदार, सुरजीत चैयरमेन, ज़िले सिंह बराला, मिट्ठू नंबरदार सभी पंच और ग्रामीण उपस्थित रहे






