पंजाब, 14 फरवरी 2026: मशहूर पंजाबी अभिनेत्री और मॉडल हिमांशी खुराना को कथित तौर पर एक गैंगस्टर की ओर से धमकी भरा फोन कॉल आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कॉल करने वाले ने उनसे बड़ी रकम की मांग करते हुए पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी है।
घटना के बाद हिमांशी खुराना ने तुरंत मोहाली पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज करवाई है। सूत्रों के अनुसार अज्ञात कॉलर ने पैसे न देने की स्थिति में नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है।
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी हो सकती है। बताया जा रहा है कि यह कॉल गैंगस्टर हरी बॉक्सर के नाम पर एक विदेशी नंबर से की गई, जिसमें 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कॉल डिटेल की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी माध्यमों से कॉल करने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि हिमांशी खुराना ने अपने करियर की शुरुआत एक मॉडल के रूप में की थी और वर्ष 2011 में मिस लुधियाना का खिताब जीतने के बाद मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाई। वह साडा हक जैसी फिल्मों और कई लोकप्रिय गीतों में नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा रियलिटी शो बिग बॉस 13 में भाग लेने के बाद उनकी लोकप्रियता में और इजाफा हुआ।






