प्रेम संबंधों में बाधा बने बच्चों को मां ने दी जहर देकर मौत
रामपुरा फूल, 14 फरवरी 2026: बठिंडा जिले के रामपुरा फूल क्षेत्र में 15 दिनों के भीतर एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 15 दिन पहले 12 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी, जिसका परिवार द्वारा अंतिम संस्कार कर दिया गया था। वहीं शुक्रवार रात उसके 7 वर्षीय छोटे भाई फतेहवीर की भी मौत हो गई।
घटना के बाद गांववासियों ने बच्चों की मां पर शक जताते हुए पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मां ने अपने प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे दोनों बच्चों को चूहे मारने वाली दवा देकर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जानकारी के अनुसार इस वारदात में उसकी बहन और एक अन्य व्यक्ति भी शामिल थे। थाना फूल पुलिस ने आरोपी जस्सी कौर, मोटा कौर और लख्खी सिंह के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी जस्सी कौर और मोटा कौर को हिरासत में ले लिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए रामपुरा फूल के डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि गांववासियों की शिकायत के बाद बच्चों का पोस्टमार्टम करवाया गया, जिसके बाद आरोपी मां ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया।






