फतेहाबाद.14 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा) राजकीय महिला महाविद्यालय, भोडिया खेड़ा में शनिवार को दंत देखभाल विषय पर एक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कार्यकारी प्राचार्या लखबीर कौर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इसका उद्देश्य छात्राओं को दांतों की स्वच्छता, वैज्ञानिक देखभाल तथा मौखिक रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक करना था।
मुख्य वक्ता के रूप में सिविल अस्पताल से पहुंचे दंत विशेषज्ञ डॉ. मदन ने छात्राओं को सही ब्रशिंग तकनीक, फ्लॉसिंग के महत्व, संतुलित आहार और नियमित दंत परीक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मौखिक स्वास्थ्य का सीधा संबंध शरीर के समग्र स्वास्थ्य से होता है, इसलिए इसकी अनदेखी गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती है।
कार्यकारी प्राचार्या लखबीर कौर ने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। अंत में छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शकुंतला सिहाग, असिस्टेंट प्रोफेसर रमन, महिला प्रकोष्ठ संयोजिका सरोज तथा सदस्य मंजू रानी, सुमन रानी और भतेरी रानी मौजूद रहीं।






