कहा, संगठन मजबूती को लेकर भाजपा का विशेष प्रशिक्षण अभियान मार्च में
जिलाध्यक्ष ने पुलवामा हमले के वीर शहीद सैनिकों को दी श्रद्धांजलि
फतेहाबाद.14 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक एवं सेवा भाव से सशक्त बनाने के लिए जिले में चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने बताया कि अभियान की शुरुआत मंडल स्तर से की जाएगी। उन्होंने बताया कि मार्च माह के प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को सभी मंडलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित होंगे। मंडल स्तरीय प्रशिक्षण के लिए जिले के वरिष्ठ नेताओं को वक्ता नियुक्त किया गया है, जिनमें राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा, जिला प्रभारी सुरेन्द्र आर्य, भारत भूषण मिढा, विज्ञानसागर बाघला, राजपाल बैनीवाल, अशोक जाखड़, सुभाष खिचड़, श्रीमती सुनीता दुग्गल, विकास लालोदा, कंवल चौधरी, सविता टुटेजा, बलदेव ग्रोहा और जगदीश शर्मा शामिल हैं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि मंडल स्तरीय प्रशिक्षण से पूर्व 24 फरवरी को जिला स्तर पर सभी वक्ताओं का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि वे प्रभावी ढंग से कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर सकें। मंडल स्तर के कार्यक्रमों के बाद जिला एवं प्रदेश स्तर पर भी प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
भाजपा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में भारतीय जवानों के काफिले पर हुए कायराना आतंकी हमले को याद करते हुए हमले में वीर गति को प्राप्त हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि 14 फरवरी 2019 एक ऐसा दिन जिसने भारत के सीने में गहरा घाव दिया, लेकिन उस घाव से ‘नया भारत’ उठ खड़ा हुआ।
पुलवामा में हमारे 40 वीर जवानों की शहादत ने देश को आंसुओं में नहीं, बल्कि प्रतिशोध की ज्वाला में झुलसा दिया था।
जहां कुछ लोग राजनीति की रोटियां सेंकने और सेना के शौर्य पर सवाल उठाने में व्यस्त थे, वहीं हमारी वायुसेना ने 26 फरवरी, 2019 को बालाकोट में घुसकर दुश्मनों के घर में ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ कर यह बता दिया कि अब हम सहेंगे नहीं, बल्कि घर में घुसकर मारेंगे। यह उन वीरों को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने देश के लिए सर्वस्व न्योछावर कर दिया और उस नेतृत्व को सलाम है जिसने झुकना नहीं, बल्कि जवाब देना सिखाया।






