तरणतारन, 12 फरवरी 2026: तरणतारन के एक लॉ कॉलेज में बीते दिन हुई दर्दनाक घटना में नया मोड़ आ गया है। अपनी ही कक्षा की छात्रा को गोली मारने के बाद खुद को गोली मारने वाले छात्र प्रिंस राज की भी बीती रात इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल प्रिंस राज को अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वह पिछले दो दिनों से वेंटिलेटर पर था। डॉक्टरों की टीम द्वारा लगातार उपचार किए जाने के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और बीती रात उसने दम तोड़ दिया।
प्रिंस के एक पड़ोसी ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उसकी एक छोटी बहन है और उसका स्वभाव बेहद अच्छा था। वह सभी से आदरपूर्वक मिलता था, बड़ों के पैर छूकर ‘सत श्री अकाल’ कहता था। पड़ोसी के मुताबिक, “हमें विश्वास नहीं हो रहा कि उसने ऐसा कदम कैसे उठा लिया। जो कुछ हुआ, वह बेहद दुखद है।”
मृत्यु के बाद प्रिंस राज के शव को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, अमृतसर के पोस्टमार्टम हाउस में लाया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए रेजिडेंट डॉक्टर चंद्र प्रकाश ने बताया कि बीती रात शव उनके पास पहुंचा था। उन्होंने कहा कि प्रिंस राज पिछले कुछ दिनों से गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती था और कल इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
डॉ. चंद्र प्रकाश ने स्पष्ट किया कि फिलहाल पोस्टमार्टम नहीं किया गया है, क्योंकि अभी तक न तो परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे हैं और न ही कोई पुलिस अधिकारी। उन्होंने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही पोस्टमार्टम किया जाएगा।
इस घटना से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






