धूरी शहर के विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए माइक्रो मैनेजमेंट तैयार : ओएसडी सुखवीर सिंह
विकास कार्यों की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी : ओएसडी
कहा, धूरी के सभी वार्डों में पानी और सीवरेज का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए
संगरूर/धूरी, 12 फरवरी, 2026 : पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी में चल रहे तथा शुरू किए जाने वाले 52 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की आज मुख्यमंत्री के ओएसडी सुखवीर सिंह द्वारा एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान समीक्षा की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संयुक्त प्रमुख सचिव संदीप सिंह गाढ़ा, अतिरिक्त उपायुक्त अंकुर महिंदरू तथा एस.डी.एम. धूरी ऋषभ बंसल भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए माइक्रो मैनेजमेंट तैयार करते हुए ओएसडी सुखवीर सिंह ने कहा कि धूरी शहर में चल रहे और प्रस्तावित कार्यों संबंधी प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक की जाएगी, ताकि संबंधित विभागों के बीच समन्वय बना रहे और कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि एनओसी या अन्य विभागीय स्वीकृतियों के कारण कोई भी विकास कार्य रुकना नहीं चाहिए। यदि किसी भी कार्य में बाधा आती है तो तुरंत उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए।
धूरी शहर में चल रहे प्रत्येक कार्य की विस्तार से समीक्षा करते हुए ओएसडी सुखवीर सिंह ने कहा कि समयसीमा के साथ-साथ कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए और अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि धूरी शहर के सभी वार्डों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने तथा सीवरेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए एसटीपी और डब्ल्यूटीपी के कार्यों को शीघ्र पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
सुखवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान धूरी हलके में चल रहे विकास कार्यों की दैनिक रिपोर्ट ले रहे हैं, इसलिए कार्य में अनावश्यक देरी या लापरवाही की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी। इस अवसर पर उन्होंने धूरी के प्रत्येक वार्ड में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों संबंधी फीडबैक लेते हुए कहा कि धूरी वासियों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए आवश्यक सभी परियोजनाओं को तुरंत अमलीजामा पहनाया जाए।
बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग द्वारा धूरी शहर में लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। इनमें शहर की आंतरिक सड़कों का कार्य, धूरी-शेरपुर वाया मालो माजरा मार्ग का चौड़ीकरण, दौलतपुर मार्ग का विस्तार तथा दशमेश नगर में बन रहे आम आदमी क्लीनिक के कार्य शामिल हैं। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।






