केंद्रीय बजट में नारी शक्ति को नई उड़ान: पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल
फतेहाबाद, 11 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा): भारतीय जनता पार्टी जिला फतेहाबाद महिला मोर्चा द्वारा टोहाना के किसान रेस्ट हाऊस में केंद्रीय बजट पर महिला सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यातिथि के रूप में पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने शिरकत की। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में जिला परिषद चेयरमैन सुमन खिचड़, जिला उपाध्यक्ष सविता टुटेजा, बजट टोली के संयोजन विज्ञानसागर बाघला, नगर परिषद उपाध्यक्ष नीरू सैनी सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की। महिला मोर्चा टोहाना की अध्यक्षा स्वीटी मैहता व कार्यक्रम संयोजक अनीता मेहता ने अपनी टीम के साथ पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल व अन्य अतिथि नेताओं का भव्य स्वागत किया तथा उन्हें बुके भेंटकर तथा पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन भी किया। इस अवसर पर उनके साथ महिला मोर्चा की कंचन भाटिया, गीता मेहता, अन्नू, सीमा सैनी, किरण सैनी सहित भारी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रही। इस सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण का सशक्त और प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। इस गरिमामय मंच की विशेषता यह रही कि महिलाएं ही सामने रहीं, महिलाएं ही मंच पर रहीं और मंच संचालन से लेकर नेतृत्व तक हर भूमिका महिलाओं ने ही निभाई—जो नारी शक्ति की बढ़ती भागीदारी और आत्मविश्वास का स्पष्ट प्रमाण है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ सुमन बजाज ने की। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बहन सुनीता दुग्गल ने केंद्रीय बजट की जनहितैषी विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए महिलाओं के उत्थान, आत्मनिर्भरता और सशक्त भागीदारी के संकल्प को और मजबूत किया। नारी शक्ति का सम्मान ही विकसित भारत की पहचान है। पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इस बजट में महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि सरकार ने महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए ऋण सीमा बढ़ाने और आसान वित्तीय सहायता की व्यवस्था की है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए अतिरिक्त बजट प्रावधान किए गए हैं, ताकि हर मां और बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर जिला परिषद की चेयरपर्सन सुमन खिचड़ ने कहा कि महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं और स्टार्टअप प्रोत्साहन दिए गए हैं, जिससे महिलाएं रोजगार मांगने वाली नहीं बल्कि रोजगार देने वाली बनेंगी। कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से बेटियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित कार्यस्थल, महिला छात्रावास और डे-केयर सेंटर की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लखपति दीदी जैसी पहलों को गति देकर महिलाओं की आय में वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है। टोहाना में इस सफल आयोजन के लिए जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने सभी को शुभकामनाएं दीं।
जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर फतेहाबाद नगर पार्षद निलांशी शर्मा, भारती सचदेवा, रूप मालती, अंजू दानी, साक्षी, गीता मेहता, सोनिया सरपंच, सीमा खट्टर, संजय रेवड़ी, जिला महामंत्री विकास लालोदा, रमन मडिया, नरेंद्र गर्ग, जंगजीत सिंह हुड्डा, ओबिसी मोर्चा अध्यक्ष बलदेव सिंह सैनी, किरण शर्मा, विनोद खिचड़, प्रवीण गिल समैण सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।






