जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर द्वारा बंदियों को पिछली गलतियां सुधारकर नई जिंदगी की शुरुआत करने का आह्वान
गुनहगार को सजा हर हाल मिलती है, इसलिए अच्छे काम करके अपना भविष्य सुधारें कैदी– लालजीत सिंह भुल्लर
कहा, सभी जेलों के बाहर खोले जाएंगे पेट्रोल पंप, अच्छे आचरण वाले बंदियों को मिलेगा काम करने का मौका
जेलों की खेलों के दौरान पटियाला जोन के बंदी ओवरऑल विजेता रहे, फिरोजपुर दूसरे और कपूरथला जोन की जेलों के बंदी तीसरे स्थान पर रहे
पटियाला, 11 फरवरी, 2026: पंजाब के जेलों एवं परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आज सूबे की जेलों में बंद कैदियों एवं हवालातियों को पिछली गलतियां सुधारकर नई जिंदगी की शुरुआत करने का आह्वान किया है। जेल मंत्री आज यहां सेंट्रल जेल पटियाला में उजाला पंजाब प्रिजन ओलंपिक्स-2026 के अंतिम मुकाबलों के विजेताओं को इनाम वितरण के लिए पहुंचे हुए थे। इस मौके पर उनके साथ ए.डी.जी.पी. जेलें अरुणपाल सिंह तथा प्रमुख सचिव एवं आई.जी. जेलें मुहम्मद तइयब भी मौजूद थे।
आज संपन्न हुए इन मुकाबलों के दौरान सूबे की जेलों के बंदियों के बीच रस्साकशी, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, चित्रकला, एथलेटिक्स, लंबी छाल, शॉट पुट आदि खेलों के मुकाबले करवाए गए। जबकि महिला बंदियों के बीच भी शतरंज, चित्रकला, बैडमिंटन सिंगल्स एवं डबल्स, एथलेटिक्स, लंबी छाल एवं शॉट पुट के मुकाबले करवाए गए थे। इनमें पटियाला जोन की जेलों के बंदी खिलाड़ी सबसे ज्यादा मेडल जीतकर ओवरऑल विजेता रहे, जबकि फिरोजपुर जोन की जेलों के बंदी खिलाड़ी दूसरे तथा कपूरथला जोन की जेलों के बंदी खिलाड़ी तीसरे स्थान पर रहे।
जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बंदियों को संबोधन करते हुए कहा कि लूटने वालों के घर सदैव अंधेरा रहता है, इसलिए सभी बंदी अच्छे काम करके अपना भविष्य सुधारें तथा पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में जेलों में बंदियों के सुधार के लिए शुरू किए गए कोर्स करके स्वरोजगार के काबिल बनें। उन्होंने जेलों के बाहर खोले जाने वाले पेट्रोल पंपों की बात करते हुए कहा कि सभी जेलों के बाहर पेट्रोल पंप खोलकर बंदियों को और सुधरने का मौका दिया जाएगा तथा अच्छे आचरण वाले बंदियों को यहां काम का मौका दिया जाएगा।
लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में जेलों में खेलों के ओलंपिक्स करवाने की शुरुआत करके बंदियों को खिलाड़ी बनकर आपस में खेलने तथा भाईचारे की सांझ बनाने तथा बंदियों को अनुशासन में रहते हुए अपने आप में सुधार लाने का मौका दिया है। जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने जेल प्रशासन को यह खेल ओलंपिक्स करवाने की बधाई देते हुए आस जताई कि खेलों एवं अच्छी सोच से जुड़े कैदी जेलों से बाहर आकर समाज की मुख्य धारा में शामिल होंगे।
इस मौके पर महिला बंदियों ने गिद्धा एवं पुरुष बंदियों ने भंगड़ा की प्रस्तुति दी तथा कबड्डी एवं रस्साकशी के मुकाबले करवाए गए जबकि बंदी खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। अगली ओलंपिक्स कपूरथला जेल में करवाने के वचन के साथ पटियाला जेल में उजाला पंजाब प्रिजन ओलंपिक्स-2026 के मुकाबले संपन्न हुए।
इस मौके पर पटियाला जेल के सुपरिंटेंडेंट गुरचरण सिंह धालीवाल द्वारा अपनी टीम के सदस्यों वरिष्ठ सुपरिंटेंडेंट जयदीप सिंह एवं अरपनजोत सिंह समेत अन्य पटियाला जेल से संबंधित सभी प्रबंध बेहतर करने के लिए जेल मंत्री ने भरी श्लाघा की। मंच संचालन सुमन बत्रा ने किया। समारोह के दौरान डी.आई.जी. एस.एस. मंड एवं एम.के. शर्मा, आर.टी.ओ. बबनदीप सिंह वालिया समेत विभिन्न जेलों के सुपरिंटेंडेंट एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।






