एक ही छत के नीचे बुज़ुर्गों के लिए स्वास्थ्य, पेंशन और कानूनी सहायता
पटियाला, 10 फरवरी, 2026: पंजाब सरकार की महत्वपूर्ण पहल ‘हमारे बुज़ुर्ग, हमारा मान’ के तहत सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान और सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर के नेतृत्व में यह पहल पंजाब के सभी जिलों में लागू की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य बुज़ुर्ग नागरिकों के लिए सरल, सुगम और एक ही स्थान पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें ईएनटी और आंखों की जांच शामिल थी। इसके साथ ही मरीजों को आवश्यकता अनुसार निःशुल्क दवाइयां भी प्रदान की गईं।
जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जोबनदीप कौर ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा विशेष स्टॉल लगाए गए, जहां सीनियर सिटीजन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री द्वारा जरूरतमंद बुज़ुर्गों को चश्मे भी वितरित किए गए।
जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007’ के बारे में जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से बुज़ुर्गों को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा की जानकारी दी गई।
सीनियर सिटीजन से बातचीत करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार बुज़ुर्ग नागरिकों के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल कल्याणकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि बुज़ुर्गों को समाज में उचित सम्मान और सहारा देने पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
इस अवसर पर एसडीएम पटियाला हरजोत कौर, सिविल सर्जन डॉ. जसविंदर सिंह, डॉ. परनीत कौर, डीपीओ परदीप गिल सहित सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।






