HomeHaryanaफतेहाबाद पुलिस की सख्त कार्रवाई से अपराधियों में खौफ, आमजन में भरोसा

फतेहाबाद पुलिस की सख्त कार्रवाई से अपराधियों में खौफ, आमजन में भरोसा

पुलिस–मीडिया संवाद बना जनहित, पारदर्शिता और सुशासन का मजबूत मंच

फतेहाबाद, 10 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस लाइन स्थित सभागार हॉल में आज पुलिस व मीडिया की चाय पर चर्चा कार्यक्रम के तहत एक विस्तृत प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान फतेहाबाद पुलिस द्वारा बीते दिनों में अपराध, नशा तस्करी एवं संगठित आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध की गई बड़ी और निर्णायक कार्रवाइयों की जानकारी मीडिया के साथ साझा की गई।

पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियानों की सराहना करते हुए मीडिया प्रतिनिधियों ने पुलिस की सक्रिय कार्यशैली को जिले की कानून-व्यवस्था के लिए सकारात्मक बताया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस का लक्ष्य केवल अपराधियों को पकड़ना नहीं, बल्कि आमजन में सुरक्षा का भरोसा, महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं को नशे से दूर रखना है।”

नशे के खिलाफ निर्णायक प्रहार

एंटी नारकोटिक्स सेल फतेहाबाद ने दिनांक 09.02.2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 नशीले कैप्सूल व टैबलेट तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। थाना शहर फतेहाबाद में अभियोग दर्ज कर आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

शोभा यात्रा में चोरी की घटना का त्वरित खुलासा

श्री खाटू श्याम मंदिर की शोभा यात्रा के दौरान महिलाओं के कानों से सोने की बालियां चोरी होने की घटनाओं का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार व दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया। आरोपियों से 15 सोने की बालियां बरामद की गईं। यह कार्रवाई भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों में पुलिस की सजगता को दर्शाती है।

ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझी

रतिया क्षेत्र में एनएच-10 पर मिली अज्ञात महिला की डेड बॉडी के मामले में पुलिस ने तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान कर ली है। उन्हें शीघ्र ही प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया जाएगा।

सशस्त्र लूट मामले में साहसिक पुलिस कार्रवाई

टोहाना में हुई सशस्त्र लूट की वारदात में शामिल बदमाशों को पकड़ने के लिए गठित विशेष पुलिस टीमों ने साहस और संयम का परिचय देते हुए मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपियों को काबू किया। यह कार्रवाई अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है कि फतेहाबाद पुलिस अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।

डॉक्टरी की आड़ में नशे का अवैध कारोबार बेनकाब

रतिया स्थित अमर क्लीनिक पर एएनसी सेल व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने रेड कर कमर्शियल मात्रा में नशीली दवाइयों की बरामदगी के साथ तीन डॉक्टरों को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा नशे की सप्लाई चेन की गहन जांच की जा रही है।

मीडिया के जनहितकारी सुझावों पर पुलिस अधीक्षक का त्वरित संज्ञान

सुझाव 01: खाली प्लॉट व खंडहर इमारतों की चेकिंग

सुझाव: जिलेभर में खाली प्लॉटों व खंडहर इमारतों पर नियमित चेकिंग हो।

संज्ञान: पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने बताया कि यह अभियान पहले से चल रहा है और अब इसे युद्धस्तर पर तेज करते हुए सभी थाना प्रभारियों को नियमित सर्च अभियान के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

सुझाव 02: नो-पार्किंग क्षेत्रों में साइन बोर्ड

सुझाव: शहर में नो-पार्किंग स्थानों पर स्पष्ट बोर्ड लगाए जाएं।

संज्ञान: पुलिस अधीक्षक ने यातायात प्रभारी को आदेश दिए कि पूरे जिले में नो-पार्किंग बोर्ड लगाए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुझाव 03: नशा तस्करों की संपत्ति अटैचमेंट

प्रश्न: अब तक कितनी संपत्तियां अटैच की गई हैं?

जवाब: पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अब तक 43 नशा तस्करों की करीब ₹8.15 करोड़ की चल-अचल संपत्ति अटैच की जा चुकी है।

सुझाव 04: नशा मुक्ति अभियान में सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी

प्रश्न: कितनी संस्थाएं आगे आई हैं?

जवाब: पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सामाजिक संस्थाएं आगे आ रही हैं। हाल ही में अग्रवाल सभा फतेहाबाद द्वारा करीब ₹50,000 की दवाइयों का दान किया गया। अन्य संस्थाओं से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

सुझाव 05: शोभा यात्राओं में भविष्य की सुरक्षा रणनीति

सुझाव: भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए क्या योजना है?

संज्ञान: पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को झुग्गी-झोपड़ियों व संदिग्ध स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाने के निर्देश दिए। धार्मिक आयोजनों में पुख्ता पुलिस सुरक्षा पहले से लागू है और आगे भी जारी रहेगी।

किरायेदार सत्यापन पर सख्ती

मीडिया द्वारा किरायेदारों के चरित्र सत्यापन का मुद्दा उठाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि किरायेदार सत्यापन अभियान लगातार चलाया जा रहा है और सभी थाना प्रभारियों को इस पर सख्ती से अमल करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस-मीडिया संवाद कार्यक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया कि फतेहाबाद पुलिस जनभागीदारी, पारदर्शिता और कठोर कार्रवाई के माध्यम से जिले को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments