अधिक मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठग सक्रिय, आमजन से सतर्क रहने की अपील
सोशल मीडिया व फर्जी ऐप्स के माध्यम से निवेश कराकर की जा रही ठगी
फतेहाबाद, 10 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा): पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस की ओर से आमजन को सचेत करते हुए क्रिप्टोकरेंसी निवेश के नाम पर बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर पुलिस एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सएप, टेलीग्राम चैनलों, फर्जी वेबसाइटों एवं मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी का शिकार बना रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराधी स्वयं को क्रिप्टो एक्सपर्ट, निवेश सलाहकार अथवा किसी प्रतिष्ठित कंपनी का प्रतिनिधि बताकर लोगों से संपर्क करते हैं। प्रारंभ में कम राशि निवेश कर कृत्रिम रूप से मुनाफा दिखाया जाता है, जिससे पीड़ित का विश्वास जीत लिया जाता है। इसके पश्चात अधिक राशि निवेश करने के लिए प्रेरित किया जाता है तथा बाद में ठग संपर्क तोड़ लेते हैं या टैक्स, चार्ज, वॉलेट अपग्रेड जैसे बहानों से लगातार धनराशि की मांग करते रहते हैं।
फतेहाबाद पुलिस द्वारा आमजन के लिए जारी सावधानियां:
▪️बिना पूरी जानकारी एवं वैधानिक पुष्टि के किसी भी क्रिप्टो प्लेटफॉर्म में निवेश न करें।
▪️सोशल मीडिया या अनजान नंबरों से प्राप्त निवेश संबंधी लिंक, ऐप या कॉल से दूरी बनाए रखें।
▪️“गारंटीड रिटर्न”, “रिस्क फ्री इनकम” अथवा “डबल पैसा” जैसे दावों से सतर्क रहें।
▪️अपनी बैंक डिटेल, ओटीपी, यूपीआई पिन या क्रिप्टो वॉलेट से संबंधित जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
▪️केवल प्रमाणिक एवं विश्वसनीय प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें।
यदि कोई व्यक्ति क्रिप्टोकरेंसी निवेश के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करे अथवा www.cybercrime.gov.in� पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाए।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधों पर फतेहाबाद पुलिस की कड़ी निगरानी है तथा ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन की सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।






