नगराधीश ने बीएलए-1 व बीएलए-2 की नियुक्ति तथा त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने पर दिया जोर
फ़तेहाबाद, 09 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा): मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशानुसार तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी हिदायतों की अनुपालना में सोमवार को नगराधीश एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव गुप्ता की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगराधीश एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव गुप्ता ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अवगत कराया कि निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार प्रत्येक दल अपने अध्यक्ष/सचिव अथवा अधिकृत पदाधिकारी के माध्यम से फॉर्म आईडी बीएलए-1 में जिला प्रतिनिधियों को अधिकृत करेगा। इसके उपरांत बीएलए-1 द्वारा प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए फॉर्म आईडी बीएलए-2 में बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए जाएंगे। नगराधीश ने कहा कि बीएलए संबंधित मतदान केंद्र की मतदाता सूची में पंजीकृत मतदाता होना चाहिए, ताकि संशोधन अवधि के दौरान ड्राफ्ट रोल की जांच तथा मृत व स्थानांतरित मतदाताओं की पहचान की जा सके। सभी राजनीतिक दलों को बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की नियुक्ति हेतु आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध करवाए गए हैं। साथ ही बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शीघ्र ही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का शेड्यूल जारी किया जा सकता है। शेड्यूल प्राप्त होते ही उसे सभी राजनीतिक दलों के साथ साझा किया जाएगा।
नगराधीश ने कहा कि वे गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, जिससे त्रुटिरहित व अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर की घोषणा के साथ निर्वाचन आयोग द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे तथा निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर प्रत्येक मतदाता को ईआरओ द्वारा पूरा अवसर प्रदान किया जाएगा। प्रतिनिधियों के सभी प्रश्नों का मौके पर ही समाधान किया गया। बैठक में नायब तहसीलदार चुनाव राज कुमार, भारतीय जनता पार्टी से विक्रम शर्मा, इंडियन नेशनल कांगे्रस से सीताराम बैनीवाल एडवोकेट, इंडियन नेशनल लोकदल से सुमनलता एडवोकेट, बहुजन समाज पार्टी से जिले सिंह वर्मा एडवोकेट, सीपीआई (एम) से राम कुमार बहबलपुरिया व जगतार सिंह, जननायक जनता पार्टी से सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।
विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए सीटीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव गुप्ता।






