कहा— भारत रत्न से कहीं ऊपर हैं सावरकर
नई दिल्ली, 9 फरवरी 2026: अभिनेत्री और राजनेता कंगना रनौत ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के वीर सावरकर को लेकर दिए गए बयान का समर्थन किया है। कंगना ने कहा कि वीर सावरकर भारत रत्न से कहीं ऊपर हैं और यदि उन्हें यह सम्मान मिलता है तो यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात होगी।
मोहन भागवत की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना रनौत ने कहा, “हर भारतीय के दिल में वही भावना है जो मोहन भागवत जी ने व्यक्त की है। वीर सावरकर भारत रत्न से कई ऊपर हैं, लेकिन अगर उन्हें यह सम्मान दिया जाता है तो यह पूरे देश के नागरिकों के लिए गौरव का विषय होगा।”
इससे पहले RSS प्रमुख मोहन भागवत ने वीर सावरकर को भारत रत्न न दिए जाने पर उठ रहे सवालों पर कहा था कि यदि सावरकर को भारत रत्न से सम्मानित किया जाता है तो इस पुरस्कार की प्रतिष्ठा और बढ़ेगी। मुंबई में आयोजित ‘संघ यात्रा के 100 वर्ष: नए क्षितिज’ विषय पर दो दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला के दौरान उन्होंने कहा कि वह निर्णय लेने वाली समिति का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन अवसर मिलने पर इस मुद्दे को जरूर उठाएंगे।
भागवत ने कहा, “अगर स्वातंत्र्य वीर सावरकर को भारत रत्न दिया जाता है तो भारत रत्न की गरिमा और बढ़ेगी। वैसे भी वह करोड़ों दिलों के सम्राट बन चुके हैं।”
गौरतलब है कि विनायक दामोदर सावरकर, जिन्हें वीर सावरकर के नाम से जाना जाता है, का जन्म 28 मई 1883 को हुआ था। वे एक महान स्वतंत्रता सेनानी, कवि, लेखक और समाज सुधारक थे। ब्रिटिश शासन के दौरान उन्हें अंडमान-निकोबार के कुख्यात सेल्युलर जेल में कठोर यातनाएं झेलनी पड़ीं। सावरकर हिंदू महासभा के प्रमुख नेताओं में से एक रहे और उन्होंने कम उम्र से ही स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई।






