निर्धारित समय-सीमा के भीतर विभाग आपसी समन्वय से विकास कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें: डिप्टी कमिश्नर
संगरूर/धूरी, 9 फरवरी, 2026 : डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा द्वारा धूरी हलके में चल रहे तथा आने वाले दिनों में शुरू किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक मैराथन बैठक की गई। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को समय पर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
श्री राहुल चाबा ने कहा कि धूरी हलके में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और सौंदर्यीकरण परियोजनाओं की प्रगति की स्वयं मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान रोजाना रिपोर्ट लेते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी चल रहे कार्य में अनावश्यक देरी तथा गुणवत्ता से समझौता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं मौके पर जाकर विकास कार्यों की निगरानी करें, ताकि कार्य समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जा सकें।
समीक्षा बैठक के दौरान बताया गया कि धूरी शहर के सौंदर्यीकरण से संबंधित कुल 11 विकास कार्य आगामी दो महीनों में पूर्ण कर लिए जाएंगे। इस संबंध में कार्यकारी अधिकारी, नगर कौंसिल धूरी, गुरविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 1.41 करोड़ रुपये की लागत से धूरी शहर के क्रांति चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि 1.09 करोड़ रुपये की लागत से सब्जी मंडी के निकट एम.सी. पार्क के नवीनीकरण तथा डॉ. बी.आर. अंबेडकर जी की प्रतिमा की स्थापना से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 27.63 लाख रुपये की लागत से सब्जी मंडी से सटे इंडोर खेल हाल का उन्नयन किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि धूरी में आर.ओ.बी. (संगरूर साइड) के नीचे 1.03 करोड़ रुपये की लागत से “वाइल्ड एरीना” पार्क का विकास किया जाएगा, जिसका कार्य शीघ्र ही शुरू किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 1.91 करोड़ रुपये की लागत से मालेरकोटला की ओर से धूरी के प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन, 1.70 करोड़ रुपये की लागत से बगड़ियां/नाभा की ओर से धूरी के प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन तथा 2.15 करोड़ रुपये की लागत से संगरूर की ओर से धूरी के प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन का कार्य भी आने वाले दिनों में शुरू किया जाएगा। इसके अलावा 3.10 करोड़ रुपये की लागत से आर.ओ.बी. के नीचे शेरपुर चौक का विकास एवं सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के कार्यकारी अभियंता राहुल कौशल द्वारा एस.टी.पी. में चल रहे कार्यों की जानकारी साझा की गई। पंजाब मंडी बोर्ड के कार्यकारी अभियंता पुनीत शर्मा ने कहेरू में बन रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की प्रगति के बारे में जानकारी दी, जबकि लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अजय गर्ग ने 54.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आर.ओ.बी. के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि टेंडर प्रक्रिया जारी है और शीघ्र ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक के दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर सुखचैन सिंह, एस.डी.एम. धूरी ऋषभ बंसल, डी.एस.पी. गुरप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।






