पनबस-पीआरटीसी कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी
लुधियाना, 9 फरवरी 2026: पंजाब में बस यात्रियों के लिए एक अहम और चिंताजनक खबर सामने आई है। पनबस और पीआरटीसी कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 11 फरवरी को प्रदेशभर में बस सेवाएं पूरी तरह बंद करने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों के इस ऐलान के बाद आम जनता को घर से निकलने से पहले सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि उस दिन आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।
लुधियाना के बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स के बाहर बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट कर्मचारी एकत्र हुए और जोरदार नारेबाजी की। कर्मचारियों ने राज्य सरकार पर अपने वादे पूरे न करने का आरोप लगाया और कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों को केवल आश्वासन देकर टाला जा रहा है।
पनबस और पीआरटीसी कर्मचारी संगठनों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द कोई ठोस समाधान नहीं निकला तो 11 फरवरी को प्रदेशभर में सड़कों पर उतरकर यातायात रोका जाएगा। प्रदर्शनकारी नेताओं का कहना है कि सरकार और विभागीय अधिकारियों के साथ कई बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन सभी फैसले कागजों तक ही सीमित रह गए हैं और जमीनी स्तर पर कोई अमल नहीं हुआ।
यूनियन नेताओं ने सरकार को अंतिम चेतावनी देते हुए आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा भी साझा की। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को पंजाब की प्रमुख सड़कों पर यातायात बाधित किया जाएगा, जिससे आम लोगों और बस यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा 12 फरवरी को मुख्यमंत्री के गृह जिले संगरूर में एक विशाल विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई गई है, जिसमें पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से कर्मचारी भाग लेंगे। यूनियन का कहना है कि अब उनका सब्र जवाब दे चुका है और यह आंदोलन किसी भी कीमत पर वापस नहीं लिया जाएगा।






