कोटा, 08 फरवरी 2026 : राजस्थान के कोटा में शनिवार रात करीब 9 बजे एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में कोचिंग छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में से पांच को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
इमारत गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे के नीचे दबे लोगों की चीख-पुकार से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसडीआरएफ की टीम देर रात तक मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटी रही।
बचाव कार्य के दौरान एक रेस्क्यू टीम का सदस्य भी घायल हो गया। मृतक कोचिंग छात्र की पहचान आर्यन (20) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला था।
जिला कलेक्टर पीयूष समरिया के अनुसार, तलवंडी इलाके में स्थित इस इमारत के अंदर एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था। हादसे के समय कुछ ग्राहक और करीब 12 से 15 रेस्टोरेंट कर्मचारी मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि इमारत के पीछे वाली दूसरी इमारत में कई दिनों से निर्माण कार्य चल रहा था। ड्रिल मशीनों और हथौड़ों से रोजाना हो रहे काम के कारण पूरे भवन में लगातार कंपन हो रहा था, जिसे हादसे की एक संभावित वजह माना जा रहा है।






