जाजपुर, 5 फरवरी 2026: ओडिशा के जाजपुर जिले में जाखपुरा स्टेशन के पास गुरुवार सुबह एक रेल हादसा हुआ, जब चेन्नई सेंट्रल–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना सुबह करीब 8:51 बजे जाजपुर यार्ड क्षेत्र में हुई, उस समय ट्रेन की गति काफी धीमी थी।
रेलवे के अनुसार, पटरी से उतरे डिब्बों में एक एसी कोच और दो जनरल कोच शामिल हैं। घटना में किसी भी यात्री के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने तुरंत राहत और बहाली कार्य शुरू कर दिया।
रेलवे ने बताया कि भुवनेश्वर, खुर्दा रोड और भद्रक से दुर्घटना राहत टीमें मौके पर भेजी गईं। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी स्थल पर मौजूद हैं और सुरक्षा व बहाली कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पटरी से उतरने के कारणों की जांच की जा रही है।






