चंडीगढ़, 4 फरवरी 2026: पंजाब और चंडीगढ़ में बुधवार सुबह और शाम घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे के कारण हवाई और सड़क यातायात पर असर देखने को मिल रहा है।
चंडीगढ़ एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, दिल्ली और चंडीगढ़ से एक-एक उड़ान रद्द कर दी गई है। वहीं चंडीगढ़ से बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली, गोवा और अबू धाबी जाने वाली उड़ानें देरी से संचालित हुईं। इसी तरह मुंबई, दिल्ली, गोवा और अबू धाबी से आने वाली उड़ानों में भी 2 से 3 घंटे तक की देरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक आज राज्य के 15 जिलों में कोहरा पड़ने की संभावना है। इनमें अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, पटियाला, बरनाला, मानसा, फाजिल्का, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, मुक्तसर और बठिंडा शामिल हैं। हालांकि अमृतसर से अंबाला और अंबाला से दिल्ली हाईवे पर यात्रा करने वालों को पूरे मार्ग में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की स्थिति मिलेगी।
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह 18 से 20 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इस सप्ताह राज्यभर में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।






